
शिवगंज में पतंजलि योग पीठ द्वारा निःशुल्क योग व स्वास्थ्य शिविर का हुआ शुभारंभ
-योग प्रशिक्षिका अमिता अग्रवाल के मार्गदर्शन में सिखाई जा रही हैं योग क्रियाएं
-पुखराज परिहार-
शिवगंज।तनावमुक्त एवं ऊर्जावान जीवन जीने के इच्छुक शिवगंज की माताओं-बहनों व पुरुषों के लिए पतंजलि योग पीठ,हरिद्वार के तत्वावधान में “निःशुल्क योग एवं स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया हैं।
शिवगंज निवासी योग प्रशिक्षिका श्रीमती अमिता अग्रवाल के मार्गदर्शन में शिवगंज की धरा पर नगरवासियों के लिए 05 अप्रेल से आरम्भ किए गए एक विशेष योग सत्र में प्रतिदिन प्रातः6.00 से 7.00 तक योग क्रियाएं करवाई जाकर स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया जा रहा हैं।
शिवगंज में संभवतःपहलीबार आयोजित शिविर का शुभारंभ बिना किसी औपचारिकता के सामान्य प्रक्रिया में चार्टड एकाउंटेंट चेतन अरोड़ा,सेवानिवृत बैंक कार्मिक पी.पी.शर्मा,समाजसेवी ओमप्रकाश अग्रवाल,रणछोड़ जालोरा,गोविंद सुथार तथा विद्यालय की अध्यापिका काजल की उपस्थिति में किया गया।चार्टड एकाउंटेंट चेतन अरोड़ा शिविर में प्रतिदिन ध्यान मुद्रा की क्रियाएं सिखा रहे हैं।

‘करो योग,रहो निरोग’ के शलोगन के साथ आरम्भ हुए शिविर में भाग लेने वाले व्यक्तियों को योग करने व स्वास्थ्य के विशेष नुस्खे नोट करने को योग मेट या दरी,पानी की बोतल,डायरी व पेंन साथ में लानी होती हैं।
योग प्रशिक्षिका अमिता अग्रवाल ने सिरोही हैडलाइन को बताया कि शिविर की अवधि कोई निर्धारित नहीं हैं।जब तक लोगों के स्वास्थ्य में सुधार के प्रति योग करने की जिज्ञासा रहेगी,तब तक निरंतर जारी रहेगा।

योग प्रशिक्षिका ने नगरवासियों से अपील की हैं कि वे शिविर में अधिकाधिक संख्या में सम्मिलित होकर स्वस्थ शरीर और शांत मन की ओर अपना कदम बढ़ाकर निःशुल्क योग व स्वास्थ्य शिविर का लाभ उठायें।





