
गुदड़ी के लाल ने किया कमाल,शिवगंज के हार्दिक ने आरएएस के सामान्य वर्ग में हासिल की 375 वीं रैंक
(सिरोही हैडलाइन)
शिवगंज।शहर के समाजसेवी जितेन्द्र अग्रवाल एवं सुनीता अग्रवाल के पुत्र हार्दिक अग्रवाल ने राजस्थान प्रशासनिक सेवा परीक्षा में सामान्य वर्ग में 375वीं रैंक प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। इस उपलब्धि से शिवगंज में खुशी का माहौल है तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों और नागरिकों ने उन्हें बधाई दी है।
हार्दिक ने अपनी सफलता का श्रेय ईश्वर, गुरुजनों और परिवार को दिया। उन्होंने विशेष रूप से अपने बड़े भाई जतिन अग्रवाल का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन और प्रेरणा ने इस मुकाम तक पहुंचने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।साथ ही हार्दिक ने शिवगंज के उपखंड अधिकारी नीरज मिश्र को अपना मार्गदर्शक बताते हुए कहा कि साक्षात्कार की तैयारी में उनके सुझावों से उन्हें आत्मविश्वास बनाए रखने में काफी मदद मिली।

हार्दिक के अनुसार यह सफलता निरंतर कड़ी मेहनत, अनुशासन और संघर्ष का परिणाम है। शैक्षणिक दृष्टि से भी वे शुरू से ही प्रतिभाशाली रहे हैं। स्थानीय मॉडर्न डिफेंस स्कूल के विद्यार्थी रहे हार्दिक ने कक्षा 12वीं में राज्य स्तर की मेरिट सूची में स्थान प्राप्त किया था, वहीं कक्षा 10वीं में जिला स्तर पर मेरिट में शामिल रहे।
उन्होंने आरएएस परीक्षा के तीनों चरण प्रारंभिक परीक्षा, मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार को आत्मविश्वास के साथ पार किया। उनकी इस सफलता पर उपखंड अधिकारी नीरज मिश्र ने उनके निवास पहुंचकर परिवारजनों को बधाई दी।

इधर मॉडर्न डिफेंस स्कूल शिवगंज के लिए भी गौरव का क्षण रहा जब स्कूल के मेधावी छात्र हार्दिक अग्रवाल ने राजस्थान प्रशासनिक सेवा 2024 परीक्षा में चयनित होकर स्कूल और शहर का नाम रोशन किया है।
स्कूल के निदेशक नरेन्द्र सिंह राजपुरोहित ने हार्दिक की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा, “यह सफलता हार्दिक की कड़ी मेहनत,अनुशासन और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है।मॉडर्न डिफेंस स्कूल शिवगंज हमेशा से छात्रों को शैक्षणिक उत्कृष्टता के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करता रहा है।आज इस परिणाम ने हमारे संकल्प को और मजबूत किया है।”
हार्दिक अग्रवाल ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता,गुरुजनों और विद्यालय के अनुशासित वातावरण को दिया।उन्होंने कहा कि मॉडर्न डिफेंस स्कूल शिवगंज में मिली शिक्षा और संस्कारों ने उन्हें इस लक्ष्य तक पहुँचने में मदद की।
विद्यालय परिवार ने हार्दिक को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।इस उपलब्धि से विद्यालय के अन्य छात्रों में भी प्रशासनिक सेवाओं के प्रति उत्साह बढ़ा है।
स्कूल मेनेजमेंट ने बताया कि हार्दिक अग्रवाल क्रय-विक्रय सहकारी समिति शिवगंज के व्यवस्थापक रहे लायंस क्लब शिवगंज-सुमेरपुर के पूर्व मुकुटलाल अग्रवाल के पौत्र तथा समाजसेवी जितेन्द्र अग्रवाल एवं सुनिता अग्रवाल के पुत्र हैं।




