
श्री काम्बेश्वर महादेव मंदिर की 26वीं पदयात्रा की तैयारियों को लेकर दूसरी बैठक आहूत
-बैठक में पदयात्रा के दौरान व्यवस्था के निमित्त सर्वसम्मति से अनेक प्रस्ताव पारित किए
(सिरोही हैडलाइन)
शिवगंज।उपखंड क्षेत्र के सुप्रसिद्ध दर्शनीय स्थल श्री काम्बेश्वर महादेव मंदिर तक 26वीं पदयात्रा की तैयारियों को लेकर श्री सनातन धर्म सेवा समिति की दूसरी बैठक अध्यक्ष महेंद्र कुमार दवे की अध्यक्षता में गौशाला के श्रीकृष्ण मंदिर परिसर में आहूत की गई।
नगर के ह्रदय स्थल गोलबिल्डिंग स्थित श्री गजानंद मंदिर प्रांगण से श्री काम्बेश्वर महादेव मंदिर तक करीब 15 किलोमीटर दूरी की इस पदयात्रा का भव्य आयोजन 23 अगस्त,रविवार को रखा गया हैं।

इस धार्मिक पदयात्रा के निमित्त सम्पूर्ण व्यवस्था की तैयारी को लेकर उपस्थित समिति के पदाधिकारी-सदस्यों ने विस्तृत विचार-विमर्श व चर्चा कर विभिन्न प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए।
बैठक में आम सहमति से समिति की गत वर्ष गठित की गई कार्यकारिणी को ही यथावत रखने का निर्णय पारित करने के साथ नवसृजित पदों में दो उपाध्यक्ष मांगीलाल टांक व जीतू टांक एवं सह कोषाध्यक्ष पद पर जवानाराम कुमावत को मनोनीत किया गया।

पदयात्रा में सम्मिलित महादेव के भक्तों व श्रद्ववालुओं के लिए भोजन प्रसादी की व्यवस्था में गत वर्ष के मीनू को ही बरकरार रखते हुए राशि तय कर पूर्व के हलवाई को ही ठेका दिया गया।
पदयात्रा की पूर्व संध्या पर 22 अगस्त,शनिवार को संत-महात्माओं के सामेला-स्वागत व भजन संध्या कार्यक्रम में साउण्ड व गर्मी से बचाव को कूलर लगाने एवं वरघोड़े में डीजे व दो सुसज्जित रथ तथा 23 अगस्त को भी डीजे,दो रथ व साउण्ड की व्यवस्था करने का भी राशि तय कर संबंधित व्यक्ति को ठेका दिया गया।

इसके साथ ही आमंत्रण-पत्रिका छपवाने तथा बैनर-होर्डिंग आवश्यकतानुसार तैयार करवाकर यथा स्थान लगाने का भी प्रस्ताव पारित किया गया।
इसी तरह श्री काम्बेश्वर महादेव मंदिर प्रांगण में पांडाल व भोजन प्रसादी तैयार करने के स्थल पर वाटर प्रुफ पांडाल लगाने की व्यवस्था को संबंधित व्यक्ति से सम्पर्क करने,20 जुलाई से आयोजन में व्यवस्था की दृष्टि से धनराशि संग्रह करने के लिए भामाशाहों से सम्पर्क करने तथा पदयात्रा में सानिध्य देने के लिए उदयपुर चावंड़ के महामंडलेश्वर हितेश्वरानंद महाराज,अंचलेश्वर गुजरात के प्रियांशु महाराज, गोपेश्वर महादेव मंदिर बड़गांव के अयोध्या दास महाराज सहित विभिन्न संतों को आमंत्रित करने का भी सर्वसम्मत प्रस्ताव पारित किया गया।
अंत में समिति अध्यक्ष महेंद्र दवे ने बैठक में उपस्थित रहकर आयोजन को सफल व भव्य बनाने में अपने सुझाव देने के लिए सभी पदाधिकारी-सदस्यों के प्रति आभार प्रदर्शित किया।

बैठक में इन्होंने दी उपस्थिति दी-
बैठक में मुख्य रुप से रूपेश देवासी,बाबूलाल परिहार, नारायणलाल परिहार,पुखराज परिहार,नरेन्द्र खंडेलवाल, राजेंद्र सिंह राजपुरोहित,जितेंद्र परिहार, गोपाल माली,प्रवीण चौहान,रवि गहलोत,निखिल कुमार,हेमंत कुमार,दिनेश सुन्देशा,अरविंद टेलर,जीतू माली,पुखराज कुमावत,खेताराम कुम्हार,हलवाई मोहनलाल कुमावत इत्यादि उपस्थिति देकर आयोजन की सफलता में चारचांद लगाने को पूरे मनोयोग के साथ समिति को योगदान देने का भरोसा दिया।





