

नेताजी फाउण्ड़ेशन द्वारा नेताजी सुभाषचन्द्र बोस की 129 वीं जयंती ‘पराक्रम दिवस’ के रुप में मनाई जायेगी
-17 से 23 जनवरी तक साप्ताहिक कार्यक्रम समारोह पुर्वक आयोजित किए जायेंगे
-पुखराज परिहार-
सिरोही।राष्ट्रीय एकता के लक्ष्य को लेकर पिछले 33 वर्षों से संघर्ष कर रही ‘भारत रत्न’ नेताजी सुभाषचन्द्र बोस राष्ट्रीय सेवा समिति(नेताजी फाउण्ड़ेशन)सिरोही के तत्वावधान में देश के स्वतंत्रता संग्राम में “तुम मुझे खून दो,मैं तुम्हे आजादी दूंगा” नारे के उद्घोषक, सेनानायक,महान राष्ट्रभक्त व स्वतंत्रता सेनानी नेताजी सुभाषचन्द्र बोस की 129 वीं जन्म जयंती आगामी 17 से 23 जनवरी तक साप्ताहिक रचनात्मक कार्यक्रमों के साथ ‘पराक्रम दिवस’ के रुप में समारोह पुर्वक मनाई जायेगी।

नेताजी फाउण्ड़ेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष लुंबाराम मेघवाल ने ‘नेताजी सुभाष कल्याण’ के साप्ताहिक कार्यक्रम की जानकारी देते हुए सिरोही हैडलाइन को बताया कि साप्ताहिक कार्यक्रम के प्रथम दिवस 17 जनवरी,शनिवार को महाराष्ट्र राज्य अन्तर्गत मुम्बई महानगर के मातो श्री निवास ठाकरे भवन में दोपहर 12.30 बजे से नेताजी सुभाषचन्द्र बोस एवं विशाल हिन्दू सम्राट स्वर्गीय बाला साहब बाल ठाकरे को कृतज्ञ राष्ट्र की ओर से माल्यार्पण एवं सेल्यूट कार्यक्रम से कल्याण सप्ताह का भव्य शुभारंभ पूर्व मुख्यमंत्री व फाउण्ड़ेशन के राष्ट्रीय प्रधान संरक्षक उद्धव ठाकरे के संयोजन में किया जायेगा।

द्वितीय दिवस 18 जनवरी,रविवार को सरुपगंज में विभिन्न तीन कार्यक्रम प्रातः10.30 बजे से दोपहर 12.15 बजे तक आयोजित किए जायेंगे।पहले सुभाष सर्कल पर नेताजी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कार्यक्रम ग्राम पंचायत भावरी के सरपंच,सचिव व फाउण्ड़ेशन के संयोजन में होगा।तत्पश्चात दूसरा राजकीय चिकित्सालय में भर्ती मरीजों को फलों का वितरण कार्यक्रम प्रभारी चिकित्सक डाॅक्टर रामलाल के रचनात्मक सहयोग, फाउण्ड़ेशन के जिलाध्यक्ष रमेश रावल व कोषाध्यक्ष संदीप रावल के मार्गदर्शन व संयोजन में किया जायेगा।तीसरा राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में नेताजी का वर्तमान आजाद भारत के निर्माण में योगदान एवं उनके विचारों व राजनैतिक मूल्यों की वर्तमान समय में प्रासंगिकता पर परिचर्चा कार्यक्रम विद्यालय के प्रधानाचार्य भरत पुरोहित के संयोजन व फाउण्ड़ेशन के तत्वावधान में होगा।
तृतीय दिवस पर 19 जनवरी, सोमवार को शिवगंज नगर में विभिन्न दो कार्यक्रम आयोजित किए जायेंगे।पहला प्रातः 10.15 बजे सुभाष चौक पर आजादी के परवाने नेताजी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कार्यक्रम नगरपालिका के अधिशाषी अधिकारी आसकरण सिंह राठौड़, फाउण्ड़ेशन के एससी/एसटी अत्याचार निवारण उच्च स्तरीय कमेटी के पदेन सदस्य व वरिष्ठ जर्नलिस्ट पुखराज परिहार एवं भारतीय स्काउट/गाइड स्थानीय संघ शिवगंज के सचिव डाॅ.रमेशचन्द्र आगलेचा के संयोजन में आयोजित किया जायेगा।इसके ठीक बाद प्रातः 11 बजे राजकीय महाविद्यालय शिवगंज में देश की आजादी में नेताजी के योगदान पर परिलक्षित वार्ता का कार्यक्रम प्राचार्य डाॅ.रवि शर्मा के संयोजन एवं नेताजी फाउण्ड़ेशन के तत्वावधान में रखा गया हैं।

चौथे दिन 20 जनवरी,मंगलवार को विभिन्न तीन कार्यक्रम आयोजित किए जायेंगे।पहला ब्यावर जिला अन्तर्गत मसूदा तहसील के देवमाली गांव स्थित राजकीय सीनियर माध्यमिक विद्यालय में प्रातः10.15 बजे ‘बिजली बचाओ,चोरी रोको’ राष्ट्रीय कार्यक्रम के तहत विशाल रैली का आयोजन किया जायेगा।दूसरा कार्यक्रम ग्राम पंचायत सभा भवन में प्रातः11.15 बजे देवमाली गांव गोद अभियान के तहत जनसमस्या निवारणार्थ ‘नेताजी सुभाष कल्याण शिविर” का आयोजन फाउण्ड़ेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष लुंबाराम मेघवाल की अध्यक्षता तथा बिजली विभाग व शिक्षा विभाग के संयोजन में किया जायेगा।तीसरा दोपहर 01 बजे मसूदा के देवनारायण राजकीय बालक आवासीय विद्यालय में नेताजी सुभाषचन्द्र बोस के विचार युवाओं के संग कार्यक्रम समाज कल्याण विभाग ब्यावर,सार्दुल सिंह तंवर छात्रावास अधीक्षक व फाउण्ड़ेशन के संयुक्तावधान में होगा।
पांचवें दिन 21 जनवरी,बुधवार को जालोर जिले की सांचोर तहसील के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय कोड़ में नेताजी सुभाष खेलकूद प्रतियोगिता के तहत प्रातः10 बजे वॉलीबाल प्रतियोगिता एवं सायं 05.00 बजे हाॅकी प्रतियोगिता प्रधानाचार्य बाबूलाल एवं शारीरिक शिक्षक व फाउण्ड़ेशन के जिला खेल मंत्री खेताराम डांगी के संयोजन में आयोजित की जायेगी।
छठे दिन 22 जनवरी,गुरुवार को पिंड़वाड़ा में पंचायत समिति सर्कल पर प्रातः10.30 बजे नेताजी सुभाष व बाला साहब ठाकरे के जन्म जयंती की पूर्व संध्या पर भोजन पैकेट वितरण कार्यक्रम नेताजी फाउण्ड़ेशन के सिरोही जिलाध्यक्ष रमेश रावल के मार्गदर्शन व संयोजन में आयोजित किया जायेगा।

इसी तरह सातवें व अंतिम दिन 23 जनवरी,शुक्रवार को विभिन्न दो कार्यक्रम आयोजित किए जायेंगे।पहला अहिंसा सर्किल पर प्रातः 10.30 बजे नेताजी के नाम विशाल शोभायात्रा का कार्यक्रम जिला प्रशासन व शिक्षा विभाग के रचनात्मक सहयोग व फाउण्ड़ेशन के तत्वावधान में आयोजित किया जायेगा।इसके समापन के तत्काल पश्चात दोपहर 12.30 बजे देवनारायण राजकीय बालिका आवासीय विद्यालय कोलर,शिवगंज में “सुभाष तूझे सलाम” पर विचार गोष्ठी एवं पारितोषिक वितरण कार्यक्रम का मुख्य समारोह देवनारायण विद्यालय के प्रधानाचार्य लक्ष्मण सिंह राजपुरोहित,जिला प्रशासन व शिक्षा विभाग के रचनात्मक सहयोग में आयोजित किया जायेगा।इसके साथ ही नेताजी सुभाषचन्द्र बोस की जन्म जयंती के ‘पराक्रम दिवस’ का साप्ताहिक कार्यक्रम का समापन किया जायेगा।





