
दो दिवसीय कार्यक्रम के प्रथम दिन महिला संगीत व विशाल भजन संध्या का होगा भव्य आयोजन
-सभी आवश्यक तैयारियों की पूर्णता के साथ जायजा लेकर बैठक में दिया अंतिम रुप
-पुखराज परिहार-
शिवगंज।स्थानीय गोकुलवाड़ी काॅलोनी चौक स्थित प्राचीन मगर जीर्णोद्धारित श्री हनुमान मंदिर में मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा का दो दिवसीय तृतीय वर्षगांठ महोत्सव धूमधाम मनाने की सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।
माली समाज सेवा संस्थान की देखरेख व बखुबी संचालन कर रही श्री हनुमान सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित वर्षगांठ महोत्सव का शुभारंभ 18 मई, सोमवार को तीसरे पहर 03.00 बजे से महिला संगीत से होगा।महिला संगीत के दौरान देवताओं का ब्यावला भी गाया जायेगा।

प्रथम दिन के कार्यक्रम में आंशिक बदलाव करते हुए रात्रि में 08.00 बजे से विशाल भजन संध्या का भी आयोजन रखा गया हैं।भजन संध्या में भजन सम्राट सुमेरपुर के जीतु माली एण्ड पार्टी के अलावा किरवा के हजारीमल,सुमेरपुर के दलपत चौहान,गोंगावा के विनोद व सेवाड़ी के महेन्द्र इत्यादि कलाकार भजनों की प्रस्तुति देकर धूमधाम मचायेंगे।
द्वितीय दिवस 19 मई,मंगलवार के मांगलिक कार्यक्रम प्रातःकाल 08.00 बजे से शुरु होंगे।तत्पश्चात 10,00 बजे से मंदिर शिखर पर लाभार्थी परिवार की ओर से ध्वज पताका फहराई जाकर मंदिर में महा आरती की जायेगी।इसके तत्काल पश्चात 11.00 बजे से आयोजन में आमंत्रण पर सम्मिलित होने वाले संत महात्नाओं अतिथियों,लाभार्थियों,भामाशाहों,भक्तों व श्रद्वालुओं के लिए
महाप्रसादी का शुभारंभ होगा।इस बीच आयोजन को आकर्षक व भक्तिमय बनाने के लिए भजनों का भी रंगारंग कार्यक्रम रखा गया हैं।

इनको बतौर अतिथि किया आमंत्रित-
कार्यक्रम में राज्यमंत्री व क्षेत्रीय विधायक ओटाराम देवासी,पूर्व विधायक संयम लोढ़ा,पूर्व प्रधान जीवाराम आर्य,भाजपा जिलाध्यक्ष डॉक्टर रक्षा भंडारी,नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष हनवन्त सिंह मेड़तिया,भाजपा नगर मंड़ल अध्यक्ष ताराराम कुमावत सहित विभिन्न धार्मिक,सामाजिक, व्यापारिक व महिला संगठनों के पदाधिकारी-सदस्यों एवं सहयोगी भामाशाहों को विशेष रुप से आमंत्रित किया गया हैं।

तैयारियों का जायजा लेकर दिया अंतिम रुप-
श्री हनुमान सेवा समिति के अध्यक्ष मुकेश सोलंकी ने सिरोही हैडलाइन को बताया कि आमंत्रण पत्रिका वितरण का कार्य संपादित होने के साथ ही मंदिर को लाईट डेकोरेशन एवं छाया के लिए पांडाल की समुचित व्यवस्था के साथ समूचे गोकुलवाड़ी चौक के बेहतरीन सजाया गया हैं।
महोत्सव की तैयारियों की समीक्षा करने के लिए पूर्व संध्या पर रविवार की शाम को आयोजन समिति की बैठक आयोजित कर उपस्थित पदाधिकारी-सदस्यों को जिम्मेदारी संभालने का आग्रह करते हुए व्यवस्थाओं व तैयारियों का जायजा लेकर अंतिम रुप दिया गया।




