Explore

Search

July 27, 2026 3:42 am

IAS Coaching
लेटेस्ट न्यूज़

तहसीलदार आशुराम नायक का तबादला होने पर दी भावभीनी विदाई

तहसीलदार ने शिवगंज में अपने 11 माह 18 दिन के कार्यकाल में जनसेवक की तरह कार्य किया

-कार्यशैली से प्रभावित वक्ताओं ने कहा-फिर शिवगंज में एसडीएम बनकर लौटें आशुराम नायक

(सिरोही हैडलाइन)
शिवगंज।उपखंड अधिकारी व नगरपालिका के प्रशासक का अतिरिक्त दायित्व संभाल रहे तहसीलदार आशुराम नायक के स्थानांतरण पर शनिवार को तहसील परिसर एवं नगर के पुराने राजमार्ग स्थित कुंदन होटल में समारोह आयोजित कर भावभीनी विदाई दी गई।

समारोह में जनप्रतिनिधियों,प्रशासनिक अधिकारियों, विभिन्न सामाजिक,धार्मिक एवं व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारियों तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिकों ने माला एवं साफा पहनाकर उनका सम्मान किया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाओं के साथ विदाई दी।
तहसीलदार की कार्यशैली से प्रभावित वक्ताओं ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि आशुराम नायक ने अपने 11 महीने 18 दिन के कार्यकाल में अधिकारी नहीं,बल्कि एक जनसेवक की तरह कार्य किया।उन्होंने आमजन की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुना और उनके त्वरित समाधान के लिए हमेशा तत्पर रहे।वक्ताओं ने उनके सरल,मिलनसार एवं सहज व्यक्तित्व की सराहना करते हुए कहा कि नगर हो या ग्रामीण क्षेत्र, किसी भी छोटी-बड़ी घटना या प्रशासनिक आवश्यकता पर वे सबसे पहले मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेते थे।

उल्लेखनीय है कि आशुराम नायक आबूरोड से अपनी पहली पदस्थापना पर शिवगंज तहसीलदार के रूप में आए थे। 10 जुलाई को जारी स्थानांतरण सूची में उनका तबादला जयपुर विकास प्राधिकरण में किया गया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने उपखंड अधिकारी नीरज मिश्र को एपीओ किए जाने के बाद करीब डेढ़ महीने तक शिवगंज उपखंड अधिकारी (एसडीएम) एवं नगर पालिका प्रशासक का अतिरिक्त दायित्व भी संभाला।वर्ष 2025 में ग्रामीण सेवा शिविरों में उत्कृष्ट कार्य के लिए उन्हें जिला कलक्टर द्वारा जिला स्तर पर सम्मानित किया गया था।वहीं वर्ष 2026 में भी एसआईआर,ग्रामीण सेवा शिविर सहित विभिन्न प्रशासनिक कार्यों का सफलतापूर्वक एवं जिम्मेदारी के साथ संचालन किया।
समारोह में वक्ताओं ने यह भी कहा कि शिवगंज की जनता आशुराम नायक की कार्यशैली को लंबे समय तक याद रखेगी और भविष्य में वे पुनःशिवगंज में उपखंड अधिकारी के रूप में सेवाएं दें,यही सभी की अपेक्षा है।

विदाई समारोह में इनकी रही मौजूदगी-
इस अवसर पर पुलिस उपाधीक्षक पुष्पेंद्र वर्मा, कार्यवाहक विकास अधिकारी मोहनलाल,नायब तहसीलदार कैलाश नगर,विभिन्न विभागों के ब्लॉक स्तरीय अधिकारी,भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष ताराराम कुमावत,भाजपा पोसालिया ग्रामीण मंडल अध्यक्ष प्रताप परमार,यूथ कांग्रेस जिला अध्यक्ष प्रकाशराज मीणा,समाजसेवी गंगाराम गोयल,पूर्व नेता प्रतिपक्ष लक्ष्मण परिहार,प्रकाश कुमावत सहित विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारी एवं सैकड़ों नागरिक उपस्थित रहे।तहसीलदार के रिक्त पद पर फिलहाल नायब तहसीलदार चन्द्र प्रकाश ने पदभार ग्रहण किया हैं।

 

Sirohi Headline
Author: Sirohi Headline

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर
Infoverse Academy

Read More Articles

Lorem ipsum dolor sit amet, consectetur adipiscing elit. Ut elit tellus, luctus nec ullamcorper mattis, pulvinar dapibus leo.